Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 19 जुलाई (हि.स.)। बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी के समीप रविवार को दिनदहाड़े एक रेलवे महिला कर्मी से चेन छीनने का प्रयास किया गया। वारदात उस समय हुई जब महिला कर्मचारी एम भवानी ड्यूटी पूरी कर अपने घर लौट रही थीं।
इसी दौरान बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें रोककर गले से चेन झपटने की कोशिश की।
महिला ने जब साहस दिखाते हुए उनका विरोध किया तो दोनों आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें सड़क पर घसीटा, उनके कपड़े फाड़ दिए और चापड़ दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद दोनों आरोपित मौके से भागने लगे।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और आरोपितों का पीछा किया। स्थानीय लोगों की सक्रियता के कारण एक आरोपित को दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी भाग निकलने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपित की पहचान गोलमुरी निवासी शिव कुमार मछुआ के रूप में हुई है। लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसे बागबेड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कार्यकर्ता भी बागबेड़ा थाना पहुंच गए। बताया गया कि पीड़िता एम भवानी संगठन से भी जुड़ी हुई हैं। जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर प्रदर्शन कर महिला के साथ हुई मारपीट और चेन लूट के प्रयास की कड़ी निंदा की। उन्होंने फरार आरोपित की जल्द गिरफ्तारी और दोनों आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
बागबेड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और फरार आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक