सडक पर जल जमाव का धरना देकर विधायक ने किया विरोध
धनबाद, 20 जुलाई (हि.स.)। धनबाद के कतरास में बारिश के बाद जलजमाव की गंभीर समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। पचगढ़ी बाजार की मुख्य सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई है। दुकानों और घरों में पानी घुसने से व्यापारियों और स्थानीय लोगों को भारी नुकस
लोगों के समर्थन में सड़क पर उतरे बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो


धनबाद, 20 जुलाई (हि.स.)। धनबाद के कतरास में बारिश के बाद जलजमाव की गंभीर समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। पचगढ़ी बाजार की मुख्य सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई है। दुकानों और घरों में पानी घुसने से व्यापारियों और स्थानीय लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। सोमवार को हालात का जायजा लेने पहुंचे बाघमारा के भाजपा विधायक शत्रुघ्न महतो स्थानीय लोगों के साथ जलमग्न सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। विधायक ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों को मौके से ही फोन पर फटकार लगाई और तत्काल समाधान की मांग की।

लगातार हो रही बारिश ने कतरास नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-3 स्थित पचगढ़ी बाजार की बदहाल व्यवस्था की पोल खोल दी है। पूरी सड़क घुटनों तक पानी में डूबी हुई है। जलजमाव के कारण लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है, जबकि कई दुकानों और घरों में भी बारिश का पानी घुस गया है। स्थानीय लोग बाल्टियों से पानी निकालने को विवश हैं और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

जलजमाव की सूचना मिलने पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और हालात का निरीक्षण किया। इसके बाद वे स्थानीय लोगों और व्यापारियों के साथ जलमग्न सड़क पर धरने पर बैठ गए। विधायक ने आरोप लगाया कि एक वर्ष पहले जलनिकासी की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया था और टेंडर भी पास हुआ था, लेकिन काम सही तरीके से नहीं हुआ। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को फोन कर तत्काल राहत कार्य शुरू करने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।

धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम और संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। विधायक ने चेतावनी दी कि जब तक जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई शुरू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा