Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिमी सिंहभूम, 20 जुलाई (हि.स.)। उपायुक्त मनीष कुमार ने सोमवार को जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों का दौरा कर तिथि भोजन सह जन्मोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पीएम श्री स्कूल टाटा कॉलेज कॉलोनी, आदर्श उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिंहपोखरिया और प्राथमिक विद्यालय गीतिलिपि में जुलाई माह में जन्मे विद्यार्थियों के साथ केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया और उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया और विद्यालयों में स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे बेहतर ढंग से अध्ययन कर सकें।
इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि तिथि भोजन सह जन्मोत्सव कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अपनापन, सम्मान और विद्यालय के प्रति आत्मीयता की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को विद्यालय से भावनात्मक रूप से जोड़ने के साथ उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विद्यालयों में शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन तथा रचनात्मक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करें।
इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक