एनडीआरएफ की टीम ने तालाब से निकाला बुजर्ग का शव
खूंटी , 11 सितंबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के गुटुवा बरबंदा स्थित डाड़ीपीड़ी तालाब में डूबे 65 वर्षीय याकूब मुंडा का शव करीब 26 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार शाम बरामद कर लिया गया। रांची से पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस और ग्राम
Dead body


खूंटी , 11 सितंबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के गुटुवा बरबंदा स्थित डाड़ीपीड़ी तालाब में डूबे 65 वर्षीय याकूब मुंडा का शव करीब 26 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार शाम बरामद कर लिया गया।

रांची से पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से शाम काे शव को बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, याकूब मुंडा गुरुवार काे तालाब में जाल डालकर मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान उनका जाल पानी के भीतर फंस गया। जाल छुड़ाने के प्रयास में वे गहरे पानी में उतर गए और डूबने लगे।

तालाब किनारे मौजूद उनके बेटे जोहन मुंडा ने पिता को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वह उन्हें बचा नहीं सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने गुरुवार से ही खोजबीन शुरू की, लेकिन तालाब की गहराई के कारण सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों की मांग पर प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और रांची से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।

तालाब मारंगहादा थाना क्षेत्र से सटा होने के बावजूद खूंटी सदर थाना क्षेत्र में पड़ता है।

खूंटी पुलिस के सहयोग से एनडीआरएफ ने शुक्रवार शाम शव को बाहर निकाला। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम करा के परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना से पूरे गुटुवा गांव में शोक की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा