Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हमीरपुर, 11 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे के ऐतिहासिक तीजा महोत्सव में इस बार पशु बाजार मेला को आकर्षक बनाने के लिए मेला समिति ने रशियन जलपरी बुलाई है। यह तीन दिन मौजूद रहकर अपनी कला का जादू मेले में बिखेरेंगी। मेले की तैयारी अंतिम दौर पर है।
इस वर्ष कस्बे का ऐतिहासिक तीजा महोत्सव 14 सितंबर को नयनाभिराम शोभायात्रा के साथ शुरू होकर 16 सितंबर को संपन्न होगा। तीजा महोत्सव का पूरा फोकस पशु बाजार मेला मैदान में रहता। इस वर्ष मेला कमेटी में ग्रेवटी झूला के साथ जलपरी के इंतजाम कराएं गये हैं। इसके अलावा कई झूले लगाएं जा रहे हैं। पशु बाजार मेला कमेटी के जयकरण सिंह ने बताया कि मेले में रशियन जलपरी बुलाई गई है। यह 14 से 16 सितंबर तक प्रतिदिन मेले में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। पशु बाजार मेला मैदान में 14 से 16 तक प्रत्येक रात झांसी के मशहूर कलाकार धार्मिक नाटकों का मंचन करेंगे। 15 सितंबर को विशाल दंगल एवं 16 सितंबर को आल्हा गायन कराया जाएगा। श्रीकृष्ण लीला कमेटी की ओर से छोटी बाजार में 14 एवं 15 सितंबर की रात में रासलीला का आयोजन कराया जा रहा है।
इसी तरह नगर पंचायत रामलीला मैदान में 14 व 15 सितंबर की रात में वृंदावन के कलाकारों की रासलीला एवं 15 सितंबर को दिन में मशहूर आल्हा गायक अपनी प्रस्तुत देंगे। त्रिवेणी मैदान में 72 घंटे का कबीरी भजन का कार्यक्रम होगा। इसमें कई प्रांतों के कबीरी भजन गायक प्रस्तुति देंगे। सभी कार्यक्रमों की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। साफ सफाई, पानी, बिजली के पुख्ता इंतजाम कराएं जा रहे हैं। शोभा यात्रा मार्ग को नगर पंचायत दुरुस्त करा रही है। वहीं, कस्बे के मध्य से गुजरे नेशनल हाईवे 34 में अभी तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं होने से कस्बा वासियों में आक्रोश पनप रहा है। इनका आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की उदासीनता से बारिश के चलते कस्बे के अंदर खराब हुए हाईवे की मरम्मत नहीं हो रही है। जबकि शोभायात्रा यहीं से होकर गुजरती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा