गोदियाल के आरोप बेबुनियाद,दोषी किसी भी कीमत पर नहीं बख्शे जाएंगे: हेमंत द्विवेदी
देहरादून, 20 जुलाई (हि.स.)। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की ओर से लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह कांग्रेस के हालिया घटनाक्रमों से ध्यान भटकाने का प्रयास है।
दरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए।


देहरादून, 20 जुलाई (हि.स.)। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की ओर से लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह कांग्रेस के हालिया घटनाक्रमों से ध्यान भटकाने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक छात्रा और कांग्रेस कार्यकर्ता की मृत्यु के शोकपूर्ण माहौल के बीच कांग्रेस नेताओं का स्वागत समारोह में नृत्य करना उनकी संवेदनहीनता को दर्शाता है।

भाजपा मुख्यालय में सोमवार शाम आयोजित पत्रकार वार्ता में हेमंत द्विवेदी ने कहा कि बदरीनाथ और केदारनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं और इन्हें राजनीतिक विवादों से दूर रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि मंदिर समिति में सामने आए कथित गड़बड़ी और चंदा चोरी के मामलों की एसआईटी, विभागीय जांच और राज्य स्तर पर आयुक्त की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

द्विवेदी ने गणेश गोदियाल के उस बयान पर सवाल उठाया, जिसमें कथित रूप से गिरफ्तार आरोपी द्वारा ऊपर से निर्देश मिलने की बात कही गई थी। उन्होंने पूछा कि गोदियाल को यह जानकारी किस आधार पर मिली और आरोप लगाया कि बिना प्रमाण ऐसे बयान देना जांच को प्रभावित करने तथा दोषियों को बचाने का प्रयास हो सकता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा में किसी भी प्रकार के गलत कार्य को संरक्षण नहीं दिया जाता और पार्टी पारदर्शिता तथा जवाबदेही के सिद्धांतों पर कार्य करती है। उन्होंने दोहराया कि दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी, जबकि निर्दोष व्यक्तियों को राजनीतिक आरोपों का शिकार नहीं बनने दिया जाएगा।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने गोदियाल के कार्यकाल पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके अध्यक्ष रहते हुए नियुक्तियों, पदोन्नति, समिति के संसाधनों के उपयोग तथा वित्तीय निर्णयों में अनियमितताएं हुईं। उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन आयुक्त की जांच रिपोर्ट में भी कई तथ्य सामने आए हैं। साथ ही आरोप लगाया कि मंदिर समिति के संसाधनों और दान राशि का उपयोग नियमों के विपरीत किया गया।

श्री द्विवेदी ने कहा कि उनके अपने 14 माह के कार्यकाल में समिति का कोई कर्मचारी निजी कार्य के लिए तैनात नहीं किया गया तथा यात्रा अवधि में पूरे स्टाफ को तीर्थयात्रियों की सेवा में लगाया गया। उन्होंने कहा कि जैसे ही कथित चंदा चोरी का मामला सामने आया, तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, जांच समिति गठित की गई और मुख्यमंत्री के निर्देश पर उच्च स्तरीय जांच प्रारंभ की गई।

उन्होंने कांग्रेस पर मामले का राजनीतिकरण करने और जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जांच पूरी होने दी जाए, उसके बाद'दूध का दूध और पानी का पानी' हो जाएगा।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी,प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी, उपस्थित रहे।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय