Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 20 जुलाई (हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि भाकियू संगठन वन गुर्जरों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगा। वे हरिद्वार के श्यामपुर कांगड़ी में आयोजित वन गुर्जर महापंचायत में पहुंचे थे। उन्होंने ऋषिकेश क्षेत्र में हो रही जंगलों की कटाई पर चिंता जताते हुए कहा कि जंगल और उन पर निर्भर लोगों के हक का किसी कीमत पर हनन नहीं होने देंगे।
मीडिया से बातचीत में टिकैत ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए बल प्रयोग को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे छात्रों पर ऐसा करना उचित नहीं। सरकार तक आवाज न पहुंचने पर आंदोलन ही रास्ता बचता है।
तानाशाही पर आंदोलन जरूरी है।
कांवड़ यात्रा को लेकर उन्होंने प्रशासन से अपील की कि शिवभक्तों से अभद्रता न हो। उन्होंने शिवभक्तों से भारी कांवड़ न उठाने की अपील भी की।
उत्तराखंड चुनाव पर उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव नवंबर-दिसंबर में हो सकते हैं। वंदे मातरम पर उन्होंने कहा कि देश में रहने वाले हर व्यक्ति को इसे बोलने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला