Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मेदिनीपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले में रविवार को सामाजिक सेवा, संगठनात्मक प्रशिक्षण, खेलकूद तथा जनकल्याण से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में आम लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
नारायणगढ़ के बेलदा स्थित ऑडिटोरियम सभागार में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान-2026' का आयोजन किया गया। शिविर में संगठन के कार्यकर्ताओं और युवाओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद तथा अंत्योदय के विचारों से अवगत कराया गया। आयोजकों ने कहा कि युवाओं को आदर्शनिष्ठ, संगठित तथा समाजसेवा के कार्यों में अधिक सक्रिय बनाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसी दिन बेलदा रेल यात्री एवं नागरिक कल्याण समिति की ओर से गंगाधर अकादमी विद्यालय में स्वैच्छिक रक्तदान, थैलेसीमिया जांच तथा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। नारायणगढ़ के बीडीओ सौमेन्द्रनाथ पाल ने स्वयं रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया, जबकि विधायक रमाप्रसाद गिरी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। डेबरा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के रक्त बैंक के सहयोग से आयोजित शिविर में 60 लोगों ने रक्तदान किया तथा सैकड़ों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं थैलेसीमिया जांच की गई।
खड़गपुर में अंतरराष्ट्रीय शतरंज दिवस के अवसर पर यूनाइटेड क्रिएशन चेस एकेडमी की ओर से प्रथम यूसीसीए अंतरराष्ट्रीय शतरंज दिवस-2026 प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ग्रिफिन्स इंटरनेशनल प्री स्कूल में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बाल प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में विधायक शंकर गुच्छैत ने विजेताओं को ट्राफी, पदक और प्रमाणपत्र प्रदान किए तथा शतरंज को बौद्धिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
उधर, मेदिनीपुर प्रेस क्लब की ओर से रक्तदान शिविर और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना, विधायक शंकर गुच्छैत तथा मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सौम्य शंकर षड़ंगी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वैच्छिक रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए अधिक से अधिक लोगों से सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी का आह्वान किया।
जिले में एक ही दिन आयोजित इन विविध कार्यक्रमों ने सामाजिक उत्तरदायित्व, संगठनात्मक सशक्तीकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा खेल प्रतिभाओं के विकास के प्रति लोगों की बढ़ती सहभागिता को रेखांकित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता