Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 17 मई (हि.स.)। मुंबई मनपा ने फोर्ट इलाके के कोचीन स्ट्रीट और कालीकट स्ट्रीट पर सफाई कर्मियों की 'आश्रय योजना' के लिए सीआरजेड की मंजूरी मांगी है। इसके लिए मनपा ने महाराष्ट्र कोस्टल ज़ोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (एमसीजेडएमए) को आवेदन भेजा है।
मुंबई मनपा ने 'आश्रय योजना' के तहत 'मनपा स्टाफ कॉलोनी नंबर 3' के रीडेवलपमेंट के लिए एमसीजेडएमए को एक प्रस्ताव सौंपा था। यह 489.14 वर्ग मीटर का प्लॉट है। इस पर ग्राउंड-प्लस-नौ मंज़िला इमारत बनाने का प्रस्ताव है। इस इमारत की ऊंचाई 29.30 मीटर होगी। यह प्लॉट सीआरजेड क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इसलिए परियोजना शुरू करने से पहले सीआरजेड की मंजूरी लेना अनिवार्य है।
इस परियोजना में नौ मंज़िला इमारत में 238 वर्ग फुट के 54 घर बनाए जाएंगे। लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना मुंबई पोर्ट अथॉरिटी के साथ लीज की औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण करीब एक साल से लटकी हुई है। मुंबई पोर्ट अथॉरिटी से सैद्धांतिक मंज़ूरी मिलने के बाद अब मुंबई मनपा ने निर्माण कार्य शुरू करने के लिए एमसीजेडएमए के पास सीआरजेड की मंज़ूरी के लिए आवेदन किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार