Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


विधायक दल की बैठक में विपक्ष ने तैयार की रणनीति
चंडीगढ़, 06 फ़रवरी (हि.स.)। कांग्रेस ने विधानसभा के बजट सत्र को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की है। विपक्ष जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगा तो पेंशन कटौती, अन्य राज्यों के लोगों को नौकरियां देने का मामला, किसानों को मुआवजा, अरावली क्षेत्र का संरक्षण, वोट चोरी के आरोप, मनरेगा, अवैध खनन, अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील समेत कई अहम मुद्दों पर भी सरकार की घेराबंदी करेगा। इन विषयों को लेकर कांग्रेस की ओर से स्थगन प्रस्ताव और काम रोको प्रस्ताव लाने की रणनीति बनाई गई है।
नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में शुक्रवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में बजट सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा पार्टी की रणनीति पर विधायकों को ब्रीफ किया गया। इस दौरान विधायकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों और सुझावों को सामने रखा।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि Iजनता ने कांग्रेस को मजबूत विपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है और पार्टी इस जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता और मजबूती के साथ निभाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के रूप में एक सशक्त विपक्ष मौजूद है, जो जनता की आवाज को सदन से सड़क तक प्रभावी ढंग से उठाएगा।
हुड्डा ने बताया कि बजट सत्र से पहले रणनीति को और धार देने के लिए 19 फरवरी को चंडीगढ़ में एक बार फिर कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी।
हुड्डा के भोज में पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दिल्ली निवास पर भोज का आयोजन किया। जिसमें नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव व सांसद प्रियंका गांधी समेत विभिन्न दलों के 85 से अधिक सांसद, लगभग हरियाणा के सभी कांग्रेसी विधायक व पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री मौजूद रहे।
कार्यक्रम में राजनीतिक जगत की अन्य दिग्गज हस्तियों के अलावा तमाम बड़े चेहरे मौजूद रहे। इस दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भूपेंद्र हुड्डा व दीपेंद्र हुड्डा के साथ सभी स्टॉल्स पर जाकर विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया।
इस भोज की खास बात ये रही कि दलगत राजनीति से हटकर तमाम दलों के प्रमुख नेताओं ने हरियाणवी शैली के शुद्ध देशी खाने का आनंद उठाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा