हुतात्मा चौक पार्किग पर अवैध वसूली, दो आरोपी गिरफ्तार
Illegal Collection of Parking Fees at Hutatma Chowk, Two Accused Arrested
हुतात्मा चौक पार्किग पर अवैध वसूली, दो आरोपी गिरफ्तार


मुंबई, 03 फरवरी (हि.स.)। दक्षिण मुंबई के फोर्ट इलाके के डी.एन. रोड पर स्थित हुतात्मा चौक पर मुंबई मनपा की फ्री पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। लेकिन इस पार्किग में अवैध वसूली करने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

मुंबई मनपा से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लिया है। आरोपियों की पहचान अमित मनोज सोनी (18 ) और कृष कौशलकिशोर गुप्ता (18 ) के रूप में हुई है। दोनों मनपा की फ्री पार्किंग का गलत इस्तेमाल करके नागरिकों से गैर-कानूनी तरीके से पैसे वसूल रहे थे। आगे की कार्रवाई जारी है। मनपा के रोड मेंटेनेंस विभाग के अधिकारी जितेंद्र वसईकर की शिकायत पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया है।

वसईकर 31 जनवरी को हुतात्मा चौक इलाके में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। उन्होंने देखा कि दो युवक चार पहिया वाहन चालकों से पार्किंग के नाम पर पैसे वसूल रहे हैं। दोनों की जब जांच की गई तो उनके पास से 'वेल टैग' नाम की पार्किंग स्लिप बरामद हुई। वाहन चालकों से पूछताछ करने पर पता चला कि उनसे 150 रुपये प्रति घंटे के हिसाब से पैसे लिए जा रहे थे। इसके बाद वसईकर ने तुरंत 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार