Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। झारखंड उच्च न्यायालय ने लॉकडाउन के दौरान राज्यभर में कथित अवैध वन कटाई के मामले में दाखिल अवमानना याचिका पर सुनवाई करते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के शो-कॉज पर नाराजगी जताई। अदालत ने मामले की जांच में हो रही देरी पर भी गंभीर आपत्ति दर्ज की।
सुनवाई के दौरान महाधिवक्ता रोहित राय ने अदालत से डीजीपी की ओर से दाखिल शो-कॉज को वापस लेने का आग्रह किया। इस पर अदालत ने डीजीपी को नया शो-कॉज दाखिल करने का निर्देश दिया।
अदालत ने मामले की सीआईडी जांच की धीमी गति पर भी नाराजगी जताई। कोर्ट ने सवाल किया कि सितंबर 2023 में जांच शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक जांच पूरी क्यों नहीं हो सकी है।
मामले में कमलेश कुमार सिंह की ओर से अवमानना याचिका दाखिल की गई है। याचिका में लॉकडाउन के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में कथित अवैध वन कटाई से संबंधित मामले में अदालत के पूर्व आदेश के अनुपालन का मुद्दा उठाया गया है। अदालत ने जांच की प्रगति को लेकर राज्य सरकार से स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे