अंडल एयरपोर्ट से विवादित युवा नेता प्रेमपाल सिंह गिरफ्तार, छः दिन की पुलिस रिमांड
पश्चिम बर्दवान, 14 अगस्त (हि. स.)। जामुड़िया के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक हरेराम सिंह के बेटे और विवादित युवा नेता प्रेमपाल सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के जामुड़िया थाना की पुलिस ने गुरुवार रात अंडाल स्
विवादित युवा नेता प्रेमपाल सिंह - फाइल फोटो


पश्चिम बर्दवान, 14 अगस्त (हि. स.)। जामुड़िया के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक हरेराम सिंह के बेटे और विवादित युवा नेता प्रेमपाल सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के जामुड़िया थाना की पुलिस ने गुरुवार रात अंडाल स्थित काजी नजरुल इस्लाम एयरपोर्ट के पास से उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई कथित अवैध बालू कारोबार से जुड़े एक मामले में की गई है।शुक्रवार को प्रेमपाल सिंह को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने अदालत से 14 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की थी, लेकिन अदालत ने छः दिनों की पुलिस रिमांड मंजूर की। रिमांड के दौरान पुलिस मामले में उनकी कथित भूमिका और बालू कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी।

प्रेमपाल सिंह लंबे समय से जामुड़िया की राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा माने जाते रहे हैं। उनके खिलाफ कथित दबंगई, वसूली और बालू समेत विभिन्न कारोबारों में भूमिका को लेकर समय-समय पर आरोप लगते रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी बाकी है।

साल 2021 में हरेराम सिंह के जामुड़िया से विधायक बनने के बाद प्रेमपाल सिंह के राजनीतिक प्रभाव को लेकर चर्चाएं तेज हुई थीं। इसी दौरान उनके कथित बयान “मंत्री मैं बनाता हूं” को लेकर भी राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ था।

प्रेमपाल सिंह की गिरफ्तारी के बाद जामुड़िया के भाजपा विधायक बिजन मुखर्जी ने पुलिस कार्रवाई का स्वागत किया। उन्होंने प्रेमपाल सिंह से जुड़ी कथित संपत्तियों और कारोबारी गतिविधियों की विस्तृत जांच की मांग की है।

भाजपा विधायक ने सवाल उठाया कि कथित तौर पर एक सामान्य ईसीएल कर्मचारी के परिवार से आने वाले व्यक्ति के पास इतनी संपत्ति कैसे आई। उन्होंने प्रेमपाल सिंह से जुड़े बताए जा रहे बालू, कोयला, लोहा और प्रमोटिंग कारोबार की भी जांच की मांग की है।उनके कथित कारोबारी सहयोगियों, संपत्तियों के स्वामित्व और आय के स्रोत की भी जांच की मांग उठाई गई है।

फिलहाल पुलिस की जांच कथित अवैध बालू कारोबार में प्रेमपाल सिंह की भूमिका और मामले से जुड़े अन्य लोगों पर केंद्रित है। छह दिनों की पुलिस रिमांड मिलने के बाद पुलिस पूछताछ के जरिए मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाने की कोशिश करेगी।

प्रेमपाल सिंह की गिरफ्तारी और पुलिस रिमांड के बाद जामुड़िया की स्थानीय राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा