Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 20 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नेता प्रमोद खारी ने बीजेपी की नीतियों और पार्टी में कथित रूप से बढ़ रहे भ्रष्टाचार की वजह से हमने पार्टी से इस्तीफा दिया है। उन्होंने ऐलान किया कि वह हर हाल में लक्सर से आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और जनता के आशीर्वाद से जीत हासिल करेंगे।
प्रेस क्लब में साेमवार काे आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रमोद खारी ने कहा कि भाजपा में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है और आम जनता की समस्याएं सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को मुख्यमंत्री, प्रदेश नेतृत्व और सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के समक्ष भी उठाया, लेकिन किसी स्तर पर उन समस्याओं का समाधान नहीं किया। इसी कारण जनता की उपेक्षा से आहत होकर उन्होंने भाजपा से इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आम लोगों को सरकारी अधिकारियों से मिलने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। उनके अनुसार भाजपा सरकार के अब तक के कार्यकाल की उपलब्धियां शून्य रही हैं और जनता को केवल निराशा मिली है।
प्रमोद खारी ने कहा कि वह वोट बैंक की राजनीति में विश्वास नहीं रखते, बल्कि जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मंशा केवल टिकट हासिल करने की होती तो वह भी नेताओं के पीछे घूमते रहते,लेकिन उन्होंने हमेशा जनहित को प्राथमिकता दी।
उन्होंने भाजपा सरकार पर गुर्जर समाज की उपेक्षा का भी आरोप लगाया। उनका कहना था कि सरकारी संगठनों और विभिन्न पदों पर गुर्जर समाज के लोगों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया है।
लक्सर क्षेत्र के विकास पर सवाल उठाते हुए प्रमोद खारी ने कहा कि पूर्व के जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किया और केवल जनता को गुमराह करने का काम किया।
उन्होंने वर्तमान विधायक पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे अधिकांश समय क्षेत्र से गायब रहते हैं और महीने में कभी-कभार ही लोगों के बीच दिखाई देते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता इस बार बदलाव चाहती है और उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि वह लक्सर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे और जनता के समर्थन से विजय प्राप्त करेंगे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला