Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 20 जुलाई (हि.स.)। लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सुल्तानपुर क्षेत्र में बेगम पुल से पहले मुजफ्फरनगर से भोगपुर स्टोन क्रशर की ओर जा रहा 18 टायर का डंपर अचानक स्टेरिंग जाम होने से अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे खड़े एक विशाल पेड़ से टकराने के बाद उसे तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरा। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय हाईवे पर कोई अन्य वाहन या राहगीर उसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर के खाई में गिरते ही तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे में डंपर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक सुरक्षित बच निकला। डंपर चालक अनिल ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे वह मुजफ्फरनगर से भोगपुर स्टोन क्रशर में खनन सामग्री लेने जा रहा था। श्री सीमेंट फैक्ट्री से करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचते ही अचानक डंपर का स्टेरिंग जाम हो गया। वाहन पर नियंत्रण खोने के बाद डंपर सीधे पेड़ से टकराया और खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद डंपर को बाहर निकालने के लिए दो भारी क्रेन मशीनें मौके पर बुलाई गईं। काफी मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से डंपर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उसी समय सामने से कोई वाहन आ रहा होता या सड़क किनारे लोग मौजूद होते, तो हादसा बेहद गंभीर हो सकता था। चालक की सूझबूझ और किस्मत से बड़ा हादसा टल गया।
सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि स्टेरिंग जाम होने के कारण डंपर सड़क से उतरकर पेड़ से टकराते हुए खाई में जा गिरा था। क्रेन की मदद से वाहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला