Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 20 जुलाई (हि.स.)। सरकारी विद्यालयों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में शिक्षा विभाग हरिद्वार और सी एंड एस इलेक्ट्रिक लिमिटेड के संयुक्त प्रयास से राजकीय इंटर कॉलेज श्यामपुर में एक आधुनिक डिजिटल कंप्यूटर लैब स्थापित की गई है।
सोमवार को लैब का उद्घाटन मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद और सी एंड एस इलेक्ट्रिक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ समित सचदेवा ने संयुक्त रूप से किया। आधुनिक कंप्यूटरों और डिजिटल शिक्षण सुविधाओं से सुसज्जित यह लैब विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और तकनीक आधारित पढ़ाई का बेहतर अवसर प्रदान करेगी। इसके माध्यम से छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा और भविष्य के रोजगार के लिए आवश्यक डिजिटल कौशल विकसित कर सकेंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को प्रारंभिक अवस्था में तकनीक से जोड़ना नवाचारी समाज की नींव रखना है। उन्होंने कहा डिजिटल लैब के माध्यम से राजकीय इंटर कॉलेज श्यामपुर के छात्र-छात्राएं आगे बढ़ेंगे। सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए उद्योग जगत का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
श्री समित सचदेवा ने कहा कि देश का भविष्य विद्यालयों में तैयार होता है। छात्रों को शुरुआती स्तर पर तकनीक से जोड़ना ज्ञान और नए अवसरों के द्वार खोलता है। सी एंड एस इलेक्ट्रिक शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने को प्रतिबद्ध है।
प्रधानाचार्य महेंद्र लाल ने कंपनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह लैब छात्रों की सीखने की क्षमता और आत्मविश्वास को नई दिशा देगी। इस अवसर पर समित सचदेवा, अमित चंद व अन्य अतिथियों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधा भी लगाया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता राजेश राय ने किया। कार्यक्रम शिक्षक, अभिभावक,विद्यार्थी और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला