Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हैदराबाद, 20 जुलाई (हि.स.)। तेलंगाना प्रदेश के निजामाबाद जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सोमवार को अंकापुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक पी. राकेश रेड्डी के आवास का घेराव करने की घोषणा के तनाव और विवाद बढ़ गया। इसके बाद भाजपा विधायक रेड्डी और अरमूर निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस प्रभारी पी. विनय कुमार रेड्डी को उनके आवास में नजरबंद कर दिया गया।
इसके कारण अंकापुर और अरमूर कस्बों में आज तनाव व्याप्त हो गया है। हालांकि इन नेताओं के घरों के बाहर और दोनों कस्बों में बडी संख्या में
पुलिस बल को तैनात किया गया है।
इस विवाद की शुरुआत तीन दिन पहले शुरू तब हुई, जब राकेश रेड्डी ने निजामाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए युवाओं से आह्वान किया था कि यदि कांग्रेस पार्टी राज्य भर के कॉलेजों में पढ़ने वाली सभी छात्राओं को 'स्कूटी' देने के अपने 2023 के चुनाव घोषणापत्र के वादे को पूरा करने में विफल रहती है, तो वे कांग्रेस नेताओं की स्कूटियां छीन लें। यही नही रेड्डी ने मीडिया से बातचीत में युवाओं से यह भी कहा था कि यदि कांग्रेस राज्य में हर नवविवाहिता को 10 ग्राम सोना देने के अपने 2023 के विधानसभा चुनाव के वादे को पूरा नहीं करती है, तो वे कांग्रेस नेताओं के गले से सोने की चेन छीन लें।
इसको लेकर तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़ ने निजामाबाद में इस तरह के बयान देने के लिए राकेश रेड्डी की आलोचना की थी।
सोशल मीडिया पर दोनों दलों में चल रही जुबानी जंग-
पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच सोशल मीडिया पर जुबानी जंग चल रही है, जिसमें दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे को चुनौतियाँ दी जा रही हैं। यह मुद्दा इतना बढ़ गया कि विनय कुमार रेड्डी ने सोमवार को राकेश रेड्डी के घर का घेराव करने की घोषणा कर दी।
किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अंकापुर में भाजपा विधायक राकेश रेड्डी के घर और अरमूर में कांग्रेस प्रभारी पी. विनय कुमार रेड्डी के आवास पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं की आवाजाही को रोकने के लिए निजामाबाद-अरमूर और अरमूर-मेटपल्ली सड़कों पर चेक-पोस्ट भी बनाए हैं।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने 'युवा घोषणापत्र' जारी किया था। इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा था कि घोषणापत्र में शामिल 24 आश्वासनों में से स्कूटी योजना उनकी पसंदीदा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj