केटीआर ने रेवंत रेड्डी को 70 हजार नौकरियों के दावे को साबित करने की दी चुनौती
हैदराबाद, 18 जुलाई (हि.स.)। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव (के.टी.आर.) ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को चुनौती दी है कि वे साबित करें कि कांग्रेस सरकार ने 70,000 नौकरियों की अधिसूचना जारी की है और उन स
सभा को संबोधित करते केटी रामा राव


हैदराबाद, 18 जुलाई (हि.स.)। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव (के.टी.आर.) ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को चुनौती दी है कि वे साबित करें कि कांग्रेस सरकार ने 70,000 नौकरियों की अधिसूचना जारी की है और उन सभी पदों को भर दिया है।

के.टी.आर. ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री इसे साबित कर देते हैं, तो वे राजनीति से स्थायी रूप से संन्यास ले लेंगे और यदि आवश्यकता पड़ी, तो लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के समर्थन में नारे भी लगाएंगे।

शनिवार को हैदराबाद के सरूरनगर स्टेडियम में आयोजित युवा संग्राम सभा को संबोधित करते हुए के.टी.आर. ने दावा किया कि पिछले 31 महीनों में कांग्रेस सरकार द्वारा केवल 16,979 नौकरियां भरी गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन नौकरियों को घटा दिया जाए, जिनकी अधिसूचना बी.आर.एस. सरकार के समय जारी हुई थी और कांग्रेस सरकार ने केवल नई अधिसूचनाएं जारी कर उन्हें फिर से पेश किया, तो कांग्रेस सरकार ने वास्तव में केवल 10,000 नौकरियां ही भरी हैं।

सभा के दौरान केटीआर ने कांग्रेस नेताओं के उन वीडियो को दिखाया जिनमें उन्होंने सरकार द्वारा भरी गई नौकरियों को लेकर अलग-अलग दावे किए थेl

वीडियो में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को यह घोषणा करते हुए देखा जा सकता है कि राज्य सरकार ने 70,000 नौकरियां भरी हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री ने यह संख्या 56,000 बताई। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़ ने कहा कि 80,000 नौकरियां भरी गई हैं, वहीं श्रम मंत्री जी. विवेक वेंकटस्वामी ने दावा किया कि 1 लाख नौकरियां दी गई हैं।

अन्य वीडियो में, महेश कुमार गौड़ को यह कहते हुए देखा जा सकता है कि कांग्रेस ने सरकार के पहले साल में 2 लाख नौकरियां भरने का कोई वादा नहीं किया था। वहीं, भट्टी विक्रमार्क को विधानसभा में यह दावा करते हुए देखा जा सकता है कि 4,000 रुपये प्रति माह का बेरोजगारी भत्ता कांग्रेस की छह गारंटियों का हिस्सा नहीं था।

केटीआर ने युवाओं से रेवंत रेड्डी सरकार को सबक सिखाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj