Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हमीरपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ नगर के दीवानपुरा मोहल्ले में नीट की परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा ने परीक्षा के परिणाम में अपेक्षाकृत कम अंक हासिल होने पर तनाव में आकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवन लीला को समाप्त कर लिया। रविवार को शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।
नगर के दीवानपुरा मोहल्ले की निवासी श्रुति साहू (20) जो कानपुर में रहकर नीट की परीक्षा की तैयारी कर रही थी। बीते करीब डेढ़ माह पहले ही वह कानपुर से कस्बा राठ स्थित अपने घर आई हुई थी, जिसके बाद उसने अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए राठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसका प्राथमिक उपचार कर उसकी अत्यधिक नाजुक हालत को देखते हुए उसे उरई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जहां रविवार को उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक युवती के परिजनों और पड़ोसियों ने आशंका जताते हुए कहा कि मृतका कानपुर में रहकर नीट की परीक्षा की तैयारी कर रही थी। नीट की परीक्षा के परिणाम में अपेक्षाकृत कम अंक हासिल होने पर तनाव में आकर ही उसने आत्महत्या कर ली है।
बता दें कि बीते करीब 5 वर्ष पूर्व मृतका श्रुति साहू की मां ने भी जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली थी। मृतका अपने पीछे दो छोटी बहनों जागृति और काव्या सहित भाई तरुण व पिता महेंद्र पाल सहित अन्य सभी परिजनों को रोता बिलखता हुआ छोड़ गई है। राठ कोतवाल ने रविवार को बताया कि मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा