तेज रफ्तार कार की टक्कर से भाभी की माैत, देवर घायल
बहराइच, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बहराइच-गोंडा मार्ग पर रविवार रात आठ बजे तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा महिला का देवर गंभीर रूप से घायल ह
मृतका गुंजा फ़ाइल फोटो


बहराइच, 20 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बहराइच-गोंडा मार्ग पर रविवार रात आठ बजे तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा महिला का देवर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी ।

पयागपुर थाना प्रभारी दीपक सिंह ने साेमवार काे बताया कि इमलिया गांव निवासी कप्तान अपनी भाभी गुंजा को बाइक से लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे तुलसीराम पुरवा, सोहरियावां के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे बैठी गुंजा सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। कप्तान भी हादसे में घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गुंजा को मृत घोषित कर दिया। घायल कप्तान का उपचार जारी है।

थाना प्रभारी ने बताया कि फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA