Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी , 20 जुलाई (हि.स.)।
खूंटी- चाईबासा मार्ग पर मुरहू थाना के पंचघाघ के पास कुड़की नाला पुल पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित कार पुल का गार्डवॉल तोड़ते हुए 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार चारों युवक चमत्कारिक रूप से बच गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मुरहू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरहू पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
घायलों की पहचान सूरज कुमार, ध्रुव राज और गौरव कुमार के रूप में हुई है, जबकि कार चला रहे मिथुन कुमार को केवल मामूली खरोंच आई है। सभी युवकों की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पूछताछ के दौरान उन्होंने खुद को पटना (बिहार) का निवासी बताया, लेकिन कोई भी अपना स्पष्ट आवासीय पता नहीं बता सका। किसी ने कंकड़बाग, किसी ने बरिया बस स्टैंड तो किसी ने राजेंद्र नगर का पता बताया, जिससे पुलिस को उनकी पहचान सत्यापित करने में कठिनाई हो रही है।
घायलों का इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. रंजय बाला ने बताया कि सभी युवक नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे। उन्होंने आशंका जताई कि शराब के अलावा किसी मादक पदार्थ (ड्रग्स) का भी सेवन किया गया हो सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि तेज रफ्तार और नशे की हालत के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार पहले गार्डवॉल तोड़ते हुए आगे बढ़ी और फिर पुल से नीचे नाले में जा गिरी।
मुरहू थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक किस स्थान से आ रहे थे, उनका वास्तविक पता क्या है और दुर्घटना से पहले वे कहां गए थे। जांच रिपोर्ट और मेडिकल परीक्षण के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा