Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। उच्चतम न्यायालय ने दिल्ली में एक वकील के घर में घुसकर हाल में हुए हमले मामले की जांच रिपोर्ट तलब की है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया कि वो वकील की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह ने इस मामले को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच के समक्ष मेंशन करते हुए कहा कि 11 जुलाई को वकील पंकज शर्मा के घर में घुसकर चार लोगों ने हमला किया। इस हमले के बाद पंकज शर्मा के सिर में आठ टांके लगे हैं। विकास सिंह ने कहा कि दिल्ली पुलिस आरोपितों के प्रभाव में आकर काम कर रही है और ये आरोपित एक स्थानीय नेता से जुड़े हुए हैं जिसकी वजह से पुलिस न तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई कर रही है और न ही पीड़ित वकील को सुरक्षा दे रही है।
विकास सिंह ने कहा कि पंकज शर्मा के ऊपर जानलेवा हमले के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और कोई गिरफ्तारी नहीं की। सुनवाई के दौरान अटार्नी जनरल आर वेंकटरमणी ने इस घटना को गंभीर बताते हुए दिल्ली पुलिस को तत्काल नोटिस जारी करने को कहा। उसके बाद कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से जांच रिपोर्ट तलब की।
हिन्दुस्थान समाचार/संजय
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह