Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

देवरिया, 08 जून (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवरिया के मध्यस्थता एवं सुलह समझौता केंद्र (एडीआर भवन) में सोमवार को दो पारिवारिक विवादों काे सुलझा लिया गया। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सीडी) अर्चना के नेतृत्व में हुई मध्यस्थता के परिणामस्वरूप दो बिछड़े दंपति पुनः साथ रहने को तैयार हो गए।
न्यायालय सिविल जज (जूनियर डिवीजन) एफटीसी, देवरिया द्वारा संदर्भित किए गए वादों में रेनू बनाम राम पुकार पाल तथा बबली बनाम रामू यादव के मामले मध्यस्थता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पहुंचे थे। दोनों मामलों में पति-पत्नी को आमने-सामने बैठाकर संवाद कराया गया, जिसमें मध्यस्थ प्रेमनाथ और रीता पाण्डेय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लंबी बातचीत और समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने आपसी मतभेद भुलाकर वैवाहिक जीवन को नया अवसर देने की सहमति जताई। इसके बाद दोनों मामलों का सौहार्दपूर्ण ढंग से निस्तारण कर दिया गया। सचिव अर्चना ने कहा कि मध्यस्थता का उद्देश्य केवल विवाद खत्म करना नहीं, बल्कि टूटते रिश्तों को बचाना भी है। यह ऐसी प्रक्रिया है जिसमें पक्षकार स्वयं बातचीत के जरिए समाधान तक पहुंचते हैं। मध्यस्थता में किसी की हार या जीत नहीं होती, बल्कि दोनों पक्ष सम्मानजनक समाधान प्राप्त करते हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक