Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


कानपुर, 18 मई (हि.स.)। तीखी राजनीतिक बयानबाजी और टकराव के बीच कानपुर में एक अलग तस्वीर देखने को मिली। यहां समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेयी की विधायक निधि से प्राथमिक विद्यालय में कराए गए विकास कार्याें का लोकार्पण सोमवार को भाजपा के दिवंगत पार्षद दीपक शर्मा की पत्नी दीपा शर्मा ने किया।
हाता सवाई सिंह स्थित प्राइमरी स्कूल को विधायक निधि से आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित कराया गया है। स्कूल भवन में बच्चों के लिए बेहतर कक्षाएं, रंगाई-पुताई, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का स्वागत किया। बाद में दीपा शर्मा ने फीता काटकर स्कूल का औपचारिक लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, शिक्षक, अभिभावक और क्षेत्रीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। बच्चों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। स्कूल परिसर में आयोजित समारोह के दौरान कई लोगों ने इस पहल को राजनीति से ऊपर उठकर समाजहित में किया गया प्रयास बताया।
इस मौके पर विधायक बाजपेयी ने कहा कि दिवंगत पार्षद दीपक शर्मा भी क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था बेहतर करने की सोच रखते थे। वह चाहते थे कि स्कूल का स्वरूप बदले। इसलिए उनकी स्मृति को सम्मान देने के उद्देश्य से उनकी पत्नी दीपा शर्मा से उद्घाटन कराया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना राजनीति से बड़ा विषय है।
वहीं परमट स्थित दूसरे स्कूल के शिलान्यास का कार्यक्रम सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के चलते नहीं हो सका। विवाद के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहा कि जब तक परमट स्कूल में निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा, तब तक वह प्रतीकात्मक रूप से जूते-चप्पल और ऊपरी वस्त्र त्यागने का अपना संकल्प जारी रखेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप