Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अमेठी, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के जामों थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते साेमवार काे एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। किसान खेत की सिंचाई करने गया था, तभी जर्जर विद्युत लाइन का तार अचानक खेत में गिर गया और वह उसकी चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौरा गांव के रहने वाले रामकुमार मौर्य (40) पुत्र नक़छेद मौर्य खेत की सिंचाई करने के लिए गए हुए थे। तभी जर्जर विद्युत लाइन का तार अचानक खेत में जा गिरा जिसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर मौत हो गई। जबकि उसे बचाने आए पिंटू मौर्य और अमरजीत सिंह गंभीर रूप से झुलस कर घायल हो गए हैं। किसान की मौत के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की।
जामों थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी