Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

किशनगंज, 08 जून (हि.स.)। खरीफ मौसम की तैयारियों को लेकर सोमवार को शहर के खगड़ा स्थित संयुक्त कृषि भवन सभागार में जिला स्तरीय वासंतिक (खरीफ) कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी विशाल राज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिले भर से आए कृषि विभाग के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, किसान सलाहकार तथा कृषि कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि आने वाले समय में किसानों के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्मर आईडी के बिना किसानों को उर्वरक सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा। साथ ही सहकारिता विभाग के माध्यम से होने वाली धान अधिप्राप्ति भी फार्मर आईडी के आधार पर ही की जाएगी। उन्होंने कृषि विभाग के सभी कर्मियों को फार्मर रजिस्ट्री का कार्य गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक, सहायक तकनीकी प्रबंधक एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करें तथा किसानों तक सरकारी योजनाओं की सही एवं समय पर जानकारी पहुंचाएं। उर्वरकों की कालाबाजारी पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि दुकानदार किसानों की आवश्यकता और उनकी इच्छा के अनुरूप ही उर्वरक एवं अन्य कृषि सामग्री उपलब्ध कराएं। किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों तक कृषि संबंधी जानकारी शीघ्र पहुंचाने के उद्देश्य से डीएम ने सभी पंचायत स्तरीय कृषि कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे कृषि योजनाओं, तकनीकी सलाह और विभागीय सूचनाओं का त्वरित प्रसार संभव हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह