Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सीवान, 18 मई (हि.स.)। सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 102 पुड़िया स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त मो. जिशान है,जो सीवान जिले के बड़हरिया थाने के सफी छपरा निवासी निजामुद्दीन साह का पुत्र है।
एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़हरिया थाना क्षेत्र के भलूआ कच्ची नहर रोड पर एक व्यक्ति स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
पुलिस वाहन को देखते ही संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम मो. जिशान बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 102 पुड़िया स्मैक बरामद हुई, जिसका कुल वजन 44.70 ग्राम बताया गया है।
इसके अलावा पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। इस मामले में बड़हरिया थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma