Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पटना, 18 मई (हि.स.)। बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने सोमवार को बयान जारी करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के कुशल मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी के नेतृत्व में राजग सरकार ‘सात निश्चय-3’ के संकल्पों को जमीन पर उतारते हुए विकसित बिहार के निर्माण की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में ‘सात निश्चय-1’ और ‘सात निश्चय-2’ के तहत हर घर नल का जल, पक्की गली-नाली, निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा मजबूत आधारभूत संरचना का जो जाल बिछाया गया है, उसने बिहार के गांवों की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं। आज गांवों में विकास केवल दिखाई ही नहीं देता, बल्कि महसूस भी होता है।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों को मुख्यधारा में लाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। कौशल विकास, रोजगार सृजन, छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उठाए गए कदमों ने नई सामाजिक-आर्थिक क्रांति की नींव रखी है। आज बिहार का युवा अवसरों के साथ आगे बढ़ रहा है और महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बन रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार के साथ-साथ आधुनिक आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विस्तार किया गया है। नीतीश कुमार के सुशासन एवं विकास माॅडल ने बिहार को ‘बीमारू राज्य’ की छवि से बाहर निकालकर सर्वांगीण विकास के पथ पर अग्रसर किया है, जिससे हर बिहारवासियों का गौरव बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि ‘सात निश्चय-3’ के माध्यम से बिहार को देश के शीर्ष 5 राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य शीघ्र ही साकार होने वाला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी