Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

किशनगंज, 08 जून (हि.स.)। जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को पौआखाली थाना क्षेत्र के पवना इलाके में खनन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बालू से लदी दो ट्रॉलियों को जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान खनन कारोबार से जुड़े लोग ट्रॉलियों को मौके पर छोड़कर उनके इंजन लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार अवैध बालू खनन को लेकर लंबे समय से चर्चा में रहने वाले पवना क्षेत्र में प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर जिला खान विभाग और पौआखाली पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान टीम को बालू से लदी दो ट्रॉलियां मिलीं, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया। हालांकि कार्रवाई की भनक लगते ही मौके पर मौजूद लोग ट्रॉलियों से इंजन अलग कर फरार होने में सफल रहे। अभियान में जिला खान निरीक्षक सुनील कुमार, पौआखाली थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण, पीएसआई अरुण कुमार, एएसआई विजय प्रताप यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
अधिकारियों की मौजूदगी से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अवैध खनन से जुड़े लोग इधर-उधर भागते नजर आए। जिला खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि प्रशासन की कार्रवाई के दौरान खननकर्ताओं ने ट्रॉलियों के इंजन खोल लिए और उन्हें लेकर भाग निकले, लेकिन बालू से लदी दोनों ट्रॉलियां प्रशासन के कब्जे में हैं।
उन्होंने कहा कि जब्त वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के विरुद्ध खनन अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और बिना अनुमति बालू परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य सरकारी राजस्व की रक्षा करने के साथ-साथ पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह