फतेहपुर: आठ केंद्रों में 2880 अभ्यर्थियों ने दी पुलिस परीक्षा
फतेहपुर, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को आठ केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती (कॉन्स्टेबल)परीक्षा संपन्न हुई। दो पालियों में आयोजित परीक्षा में कुल 2880 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक
पुलिस परीक्षा केन्द्रों की निगरानी करते जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स्य व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक


फतेहपुर, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को आठ केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती (कॉन्स्टेबल)परीक्षा संपन्न हुई। दो पालियों में आयोजित परीक्षा में कुल 2880 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस विभाग द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए।

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई, जबकि सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए लगभग 150 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की घटना सामने नहीं आई।

जिले में एएस इंटर कॉलेज शांतिनगर, डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय आईटीआई रोड, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आईटीआई रोड, राजकीय इंटर कॉलेज जीटी रोड, राजकीय पॉलिटेक्निक नउवाबाग, महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुस्लिम इंटर कॉलेज बिंदकी बस स्टॉप तथा श्री निरंकारी बालिका इंटर कॉलेज ज्वालागंज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।

जिला प्रशासन ने परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा। रोडवेज बसों में आधा किराये की व्यवस्था की गई थी, वहीं रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए वाहनों की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई। इससे दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को काफी राहत मिली।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी रखी गई। उन्होंने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुई।------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार