Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

औरैया, 05 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के एंट्री प्वाइंट के पास हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
सदर कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि औरैया सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पन्नहर निवासी अमित राजपूत (35) ट्रक चालक था। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे वह अपने परिचालक साथी मैनपुरी निवासी बृजमोहन (20) के साथ बाइक से अपने गांव से बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के नीचे खड़े ट्रक तक जा रहा था। वहां से दोनों को ट्रक लेकर लखनऊ के लिए रवाना होना था। बाइक अमित चला रहा था। जैसे ही दोनों एक्सप्रेसवे के एंट्री प्वाइंट के पास सर्विस रोड पर पहुंचे, अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अमित राजपूत को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बृजमोहन का उपचार जारी है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार