Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



जौनपुर, 05 जून (हि.स.)। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गोमती नदी के सद्भावना पुल के पास विसर्जन घाट पर शुक्रवार शाम स्नान के दौरान छह युवक नदी में डूबने लगे। घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों की तत्परता से चार युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो युवक लापता हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने देर रात दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान जफराबाद थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव निवासी दिलीप पटेल (24) और वाराणसी जिले के नितिन विश्वकर्मा (20) के रूप में हुई है। नितिन अपने मित्र के यहां जगदीशपुर आया था। शुक्रवार शाम सभी छह युवक गोमती नदी में स्नान करने पहुंचे थे। घटना में बचाए गए युवकों में प्रहलाद पटेल (24) पुत्र बृजभूषण पटेल निवासी जगदीशपुर, जौनपुर, दीपक पटेल (24) पुत्र दशरथ पटेल निवासी जगदीशपुर, जौनपुर, सचिन कुमार पटेल (22) पुत्र राजकुमार पटेल निवासी राजातालाब, मिर्जामुराद, वाराणसी तथा अजय शंकर पटेल (23) पुत्र रमाशंकर पटेल निवासी राजातालाब, मिर्जामुराद, वाराणसी शामिल हैं। इस मामले में जानकारी लेने पर अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुश श्रीवास्तव ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव