Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुरादाबाद, 05 जून (हि.स.)। सुप्रसिद्ध कोचिंग संस्थान स्कालर्स डेन मुरादाबाद के प्रबंध निदेशक विवेक ठाकुर ने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर पर सवाल उठाए हैं। विवेक ठाकुर ने जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से अपने विरूद्ध दर्ज मुकदमे को निरस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि यह रिपोर्ट मेरी और मेरे संस्थान की छवि धूमिल करने की मंशा से प्रेरित है।
शुक्रवार को उन्होंने जानकारी साझा करते हुए विवेक ठाकुर ने कहा है कि शहर में इसी वर्ष 22 से 26 जनवरी के बीच जिले में पीतल नगरी महोत्सव समिति द्वारा वृह्द स्तर पर एक साहित्योत्सव का आयोजन हुआ था। शिक्षाविद और पूर्वांचलवासी नामक संस्था का अध्यक्ष होने के नाते उन्हें इस आयोजन में शामिल किया गया था। इसके तहत कुछ कमेटियों में उन्हें सदस्य के तौर पर कुछ दायित्व सौंपे गए थे। इसी क्रम में सेलिब्रिटीज और गेस्ट के आने-जाने के टिकट एक नामचीन ट्रैवल्स से कराए गए थे, जिसकी बिलिंग उपरोक्त (पीतलनगरी महोत्सव समिति) के नाम से की गई, वी-3 आनलाइन कंपनी के नाम से बिल काटे गए।
विवेके ठाकुर ने बताया कि मैं और मेरे संस्थान का स्टाफ इस कार्यक्रम में कोआर्डिनेशन के लिए थे। वित्तीय मामलों में कोई भूमिका नहीं थी। बिलों के भुगतान की जिम्मेदारी आयोजन समिति की थी। सभी बिल और इनवाइस महोत्सव समिति के नाम से हैं। इन स्थितियों में उनके खिलाफ एफआईआर का औचित्य नहीं बनता। अपनी बात के समर्थन में विवेक ठाकुर ने आयोजन से जुड़ी समितियों की तमाम सूचियां और भुगतान संबंधी बिलों की कॉपियां भी मीडिया को उपलब्ध कराई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल