Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

--कहा, विदेश में बैठकर देश को अस्थिर करने वालों को दिया जाएगा मुंहतोड़ जवाब
--केन्द्र सरकार अराजकतत्वों के खिलाफ करें सख्त कार्रवाई
प्रयागराज, 05 जून (हि.स)। श्रृंगवेरपुर धाम के जगदगुरू नारायणाचार्य स्वामी शांडिल्य महाराज ने कहा कि देश को विदेश में बैठे स्वयंभू काकरोचों ने नहीं बल्कि महापुरुषों ने आगे बढाया है। ऐसे अराजकता फैलाने वाले स्वयंभू काकरोचों के खिलाफ केन्द्र सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, जो देश के युवाओं को भड़का कर अशांति फैलाना चाहते है।
जगदगुरू नारायणाचार्य स्वामी शांडिल्य महाराज ने शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित एक रेस्टोरेंट में कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, महर्षि दधीचि, महर्षि विश्वामित्र और महर्षि भरद्वाज मुनि जैसे ऋषि मुनि और देवताओं की कर्मभूमि, जन्मभूमि भारत देश है। उन्होंने कहा कि महान शहीद चन्द्रशेखर आजाद, शहीद भगत सिंह, शहीद अशफाकउल्ला खां, शहीद पं राम प्रसाद बिस्मिल जैसे महान देशभक्तों ने देश को आजाद कराने के लिए कुर्बानी दी।
उन्होंने कहा कि विदेश में बैठकर देशद्रोही ताकतों के साथ मिलकर काकरोच पार्टी का मुखिया देश के युवाओं को भड़काकर अशांति और अराजकता फैलाना चाहता है, जो देश के करोड़ों लोगों को मंजूर नहीं है। बल्कि केन्द्र सरकार ऐसे अराजक तत्व की उच्च स्तरीय जांच कराकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, जिससे कि फिर से विदेश में बैठकर देश को अस्थिर करने से पहले लोग सोचें।
शांडिल्य महाराज ने कहा कि देश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चतुर्दिक रूप से विकास के पथ पर चल रहा है। जिसमें सभी संत, महात्मा और देशवासी अपना अमूल्य योगदान दे रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र