Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पटना, 11 जून (हि.स.)।
बिहार में हरित ऊर्जा एवं सतत औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तहत मेसर्स भारत जीपीएस बायोएनर्जी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा औद्योगिक क्षेत्र कुमारबाग, पश्चिम चंपारण में अत्याधुनिक कम्प्रेस्ड बायोगैस प्लांट स्थापित किया जाएगा।
करीब 120.74 करोड़ के निवेश से विकसित होने वाली यह परियोजना राज्य में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ औद्योगिक विकास एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी।
प्रस्तावित परियोजना लगभग 15 एकड़ भूमि पर स्थापित की जाएगी। यह इकाई कृषि एवं जैविक अपशिष्टों के वैज्ञानिक उपयोग के माध्यम से स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा का उत्पादन करेगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा। परियोजना के माध्यम से लगभग 370 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण-अनुकूल उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सीबीजी जैसी परियोजनाएं राज्य में सतत विकास, स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन तथा रोजगार सृजन के नए आयाम स्थापित करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार को निवेश, नवाचार एवं हरित औद्योगिक विकास का अग्रणी केंद्र बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आएडा, कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार में निवेशकों को बेहतर आधारभूत संरचना, पारदर्शी प्रक्रियाएं एवं निवेशक-अनुकूल नीतियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हरित ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे निवेश न केवल राज्य की औद्योगिक प्रगति को गति देंगे, बल्कि पर्यावरणीय स्थिरता एवं स्थानीय रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी