कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठी महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास
पति पर जबरन धर्म परिवर्तन और जेठ पर छेड़खानी का आराेप झांसी, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब जबरन धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठी एक महिला ने आत्मदाह का प्
कलेक्ट्रेट परिसर में पीड़ित महिला


पति पर जबरन धर्म परिवर्तन और जेठ पर छेड़खानी का आराेप

झांसी, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब जबरन धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठी एक महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और एलआईयू (स्थानीय अभिसूचना इकाई) के कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। महिला को तत्काल रोक लिया गया और बाद में अधिकारियों के समक्ष उसकी शिकायत सुनी गई।

जानकारी के अनुसार बबीना कैंट क्षेत्र की चमेली वाली गली निवासी पूजा सेन ने आरोप लगाया कि पति की मृत्यु के बाद उसने भेल आरा मशीन क्षेत्र निवासी गुड्डू कुरेशी से विवाह किया था। महिला का कहना है कि विवाह के बाद से उसका पति और जेठ उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहे हैं। उसने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसका उत्पीड़न किया जाता है। महिला ने यह भी दावा किया कि उसके पुत्र का उसकी इच्छा के विरुद्ध धार्मिक रीति से खतना (मुसलमानी) कराया गया।

पूजा सेन का कहना है कि वह लंबे समय से विभिन्न अधिकारियों और पुलिस से शिकायत कर रही है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। इसी से नाराज होकर वह गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंची और धरने पर बैठ गई।

धरने के दौरान अचानक महिला ने अपने बैग से एक बोतल निकाली और उसमें मौजूद ज्वलनशील पदार्थ अपने शरीर पर उड़ेल लिया। इससे पहले कि वह कोई आत्मघाती कदम उठाती, वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों और एलआईयू कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और सुरक्षित स्थान पर ले गए।

घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारियों ने महिला को अपने समक्ष बुलाकर उसकी शिकायत सुनी और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई तथा समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया। फिलहाल महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

इनका है कहना

इस संबंध में महिला थाना प्रभारी वंदना सिंह चौहान ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर उसके आरोपित पति व जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया