Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अमेठी, 11 जून (हि.स.)। अमेठी जनपद के लखनऊ-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अमेठी के एक ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई है । हादसा बाराबंकी जनपद के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में उस समय हुआ जब पीछे से आए अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर और उससे जुड़ी मिक्सर मशीन सड़क किनारे पलट गई, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना शिवरतनगंज क्षेत्र के सिरसई मजरे सातनपुरवा गांव निवासी रामकरन (42) पुत्र रामसेवक ट्रैक्टर लेकर अपने घर लौट रहे थे। देर रात जब वह हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गोसूपुर और भिखरा गांव के बीच स्थित कट के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनके ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से रामकरन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ ले गए। जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गईं । रामकरन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि रामकरन मेहनतकश व्यक्ति थे और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी।
शिवरतनगंज के थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र ने गुरुवार को बताया कि सूचना मिलने पर हैदरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची गईं थी और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी किया है । इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बाराबंकी भेज दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी