Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

- युवक ्कुल्हाड़ी लेने आया था गांव, घर लौटते समय हादसे का शिकार
मीरजापुर, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के ड्रमंडगंज बाजार स्थित पुराने नेशनल हाईवे पर गुरुवार को पिकअप वाहन और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का उपचार प्रयागराज में चल रहा है। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
क्षेत्र के देवहट गांव निवासी कमला शंकर बिंद का पुत्र आशीष बिंद (26) अपने साथी अब्बू कोल (25) निवासी बैदवार गांव, थाना कोरांव, जनपद प्रयागराज के साथ बाइक से ड्रमंडगंज बाजार गया था। सुबह करीब 11:15 बजे दोनों बाजार से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बाजार स्थित मस्जिद के समीप पहुंची, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और दोनों घायलों को कोरांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने अब्बू कोल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आशीष बिंद को बेहतर उपचार के लिए प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। अब्बू कोल बुधवार को देवहट गांव में बांस काटने आया था। काम पूरा होने के बाद वह अपनी कुल्हाड़ी वहीं भूल गया था। गुरुवार को वह उसी कुल्हाड़ी को लेने दोबारा गांव आया था, लेकिन वापस लौटते समय सड़क हादसे का शिकार हो गया। अब्बू चार भाइयों में सबसे छोटा था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि पिकअप और बाइक की टक्कर में एक युवक की मृत्यु हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा