Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


सुपौल, 11 जून (हि.स.)। जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दीनवंधी पंचायत के वार्ड संख्या 3 में गुरुवार को एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान शाहिदा अंजुम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर और भीमनगर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच के दौरान शव घर के पलंग पर मिला, जबकि घर की धरन से बैंगनी रंग का एक दुपट्टा लटका हुआ था। बताया गया कि पुलिस और परिजनों के पहुंचने तक ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो चुके थे।
परिजनों का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले पंचायत स्तर पर शाहिदा के साथ कथित मारपीट के मामले को लेकर बैठक भी हुई थी। इसके अगले ही दिन संदिग्ध हालात में उसकी मौत की खबर सामने आई। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में हुई शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने यह भी दावा किया कि पूर्व में मारपीट के दौरान शाहिदा का हाथ टूट गया था, जिसमें स्टील लगवाना पड़ा था।
परिजनों के मुताबिक, बुधवार को ननद की शादी के दौरान रंग लगाने को लेकर विवाद हुआ था। शाहिदा ने कपड़े नहीं होने की बात कहकर रंग लगाने से मना किया था, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ जबरन रंग लगाया गया। बाद में घर के अंदर उसके साथ सास, ससुर और पति द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
मृतका अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गई है। इनमें सबसे छोटा बेटा महज चार माह का बताया जा रहा है।भीमनगर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार ससुराल पक्ष की तलाश में भी जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र