Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के नेता सदन जयभगवान यादव ने गुरुवार को सिटी एसपी जोन के अंतर्गत चांदनी चौक वार्ड-74 क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, सफाई व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का संज्ञान लेते हुए नेता सदन ने अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दिल्ली गेट क्षेत्र में सड़कों एवं फुटपाथों पर अवैध रूप से लगाए गए रेहड़ी-पटरी एवं दुकानों के कारण उत्पन्न अतिक्रमण पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित सीमा से बाहर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने तथा क्षेत्र को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सड़क एवं फुटपाथ जनसुविधा के लिए हैं और इन्हें अतिक्रमण तथा अवैध पार्किंग से मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
नेता सदन ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, सड़कों एवं फुटपाथों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा निगम शौचालयों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। जन सुरक्षा एवं नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए यादव ने अवैध रूप से स्थापित किए गए चार्जिंग प्वाइंट्स को हटाने, फुटपाथों के बीच लगे बोरवेल पाइप हटाने तथा नीचे लटक रहे विद्युत तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
राम बाजार क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों द्वारा खुले यूरिनल की शिकायत किए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही टूटे हुए फुटपाथों की मरम्मत एवं क्षतिग्रस्त टाइलों को बदलने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को आवश्यक पत्राचार एवं कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान फतेहपुरी क्षेत्र में निगम पार्किंग परिसर एवं उसके आसपास अवैध कब्जों तथा पार्किंग के बाहर खड़े वाहनों की समस्या का भी संज्ञान लिया गया। उन्होंने निगम पार्किंग स्थलों पर पार्किंग शुल्क सूची (रेट लिस्ट) प्रदर्शित करने तथा सार्वजनिक स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।
उन्होंने बाग दीवार क्षेत्र में मौजूद अतिक्रमण हटाने, जर्जर ढालाव घर के पुनर्निर्माण तथा सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही बाग दीवार मार्केट के पुनर्विकास हेतु बहुमंजिला परिसर एवं वाणिज्यिक ढांचे की संभावनाओं पर प्रस्ताव तैयार करने तथा खाली पड़ी भूमि के सदुपयोग के लिए पार्किंग अथवा अन्य जनोपयोगी सुविधाओं के विकास का सुझाव भी दिया।
नेता सदन ने कहा कि चांदनी चौक की स्वच्छता, यातायात व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को अतिक्रमण, अवैध पार्किंग एवं अन्य समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
इस दौरान स्थानीय पार्षद सुमन गुप्ता तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी