Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 17 मई (हि.स.)। नई दिल्ली नगर पालिक परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत एक पौधा लगाया। इस अवसर पर जोर बाग को 'अनुपम कॉलोनी' का दर्जा दिया गया।
उन्होंने यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सम्मान एनडीएमसी द्वारा उन कॉलोनियों को दिया जाता है जो 100 फीसद कचरा पृथक्करण, परिसर में ही कचरा प्रसंस्करण, मशीनीकृत सफाई, आरआरआर केंद्र और 'नेकी की दीवार' जैसे उपायों के साथ शून्य-अपशिष्ट मॉडल को लागू करती हैं।
कुलजीत सिंह चहल कहा कि हमने 'एक पेड़ मां के नाम' कार्यक्रम के तहत पार्क में एक पौधा लगाया। हमें खुशी और गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर हम हर रविवार को पेड़ लगाते हैं। आज हमने जोर बाग में ऐसा किया और इसे 'अनुपम कॉलोनी' प्रमाणपत्र भी प्रदान किया।
कुलजीत सिंह चहल ने ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के बारे में कहा कि जब अन्य देशों में कीमतें कई गुना बढ़ गईं, तो प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की मजबूती के कारण भारत में कीमतें नहीं बढ़ीं। आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोल और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें कई गुना बढ़ रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री की योजना के कारण इनमें बहुत मामूली वृद्धि हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव