Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अररिया 11 जून(हि.स.)। लाखों रूपये राजस्व देने के बावजूद अररिया नगर परिषद को स्थायी बस स्टैंड नहीं मिल पाया है। एनएच 27 सड़क पर ही बस लगा रहता है,जहां यात्री सुविधाओं का घोर अभाव है।
अररिया में बस स्टैंड निर्माण की मांग को लेकर महिला कल्याण समिति की एक शिष्टमंडल सदर एसडीओ से मुलाकात कर उसे ज्ञापन सौंपा। साथ ही स्थायी बस स्टैंड निर्माण से पूर्व अस्थायी बस स्टैंड पर यात्री सुविधा की मांग की गई।
समाजसेविका एवं भाजपा नेत्री सुष्मिता ठाकुर के नेतृत्व में गुरुवार को शिष्टमंडल ने बस स्टैंड में यात्रियों को होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। यात्रियों को सड़क पर खड़े खड़े बस पकड़ने की मजबूरी के साथ पेयजल और शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण यात्रियों को होने वाली परेशानियों की जानकारी दी गई। शौचालय नहीं होने के कारण महिला यात्रियों को भारी दुश्वारियों का सामना करने की बात आवेदन में कही गई।
समिति की सदस्यों ने सदर एसडीओ को आवेदन देकर अररिया बस स्टैंड में एक स्टैंड सेल्फी प्वाइंट स्थापित करने की अनुमति की मांग की।
मौके पर समिति के सदस्य सुष्मिता ठाकुर, ज्योति भगत, पूनम यादव आदि ने बताया कि शहर में अब तक बस स्टैंड का निर्माण नहीं हो सका है। इस कारण स्थानीय लोगों व यात्रियों को अपने गंतव्य के लिये सड़क पर हीं खड़े रह कर निर्धारित वाहनों का इंतजार करना पड़ता है।
इस दौरान उन्हें शौचालय, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता को लेकर कई तरह की असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।
समिति के अनुसार सेल्फी प्वाइंट पर आकर्षक बैनर व संदेश लगे होंगे, जहां लोग सिर्फ खड़े होकर महज तस्वीर खींच कर सोशल मीडिया पर साझा करेंगे। ताकि अररिया में बस स्टैंड के निर्माण को व्यापक जनसमर्थन हासिल हो सके। इससे किसी तरह यातायात के प्रभावित नहीं होने व यात्रियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होने का दावा किया गया है।
आवेदन देने वालों में सुष्मिता ठाकुर, ज्योति भगत, पूनम यादव सहित समिति के अन्य सदस्य शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर