Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अररिया 11 जून(हि.स.)।
कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस की मार झेल रहे फारबिसगंज वासियों के लिए गुरुवार की सुबह किसी सौगात से कम नहीं रही। सुबह होते ही आसमान पर काले बादलों ने अपना डेरा डाला और फिर दोपहर तक हुई रिमझिम बारिश से मौसम सुहावना हो गया।
बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट रिकॉर्ड किया गया। ठंडी हवाओं और हल्की बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। छतों, बरामदों और चौपालों पर बैठे लोग चाय की चुस्कियों के साथ बारिश का आनंद लेते नजर आए। बच्चों के चेहरे खिल उठे तो बुजुर्ग भी इस बदलते मौसम का आनंद लेते दिखे। कई दिनों बाद लोगों को उमस और तपिश से राहत मिली।
आसमान में छाए घने बादलों और ठंडी पछुआ हवाओं ने पूरे शहर को एक अलग ही रंग में रंग दिया। पेड़-पौधे धुलकर हरे-भरे दिखाई देने लगे और खेत-खलिहानों में भी नई उम्मीदों की हरियाली झलकने लगी। लोग बार-बार आसमान की ओर निहारते रहे और प्रकृति के इस खूबसूरत रूप को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते दिखे।
लगातार पड़ रही गर्मी और उमस से परेशान किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में इसी तरह मौसम मेहरबान रहा तो धान की खेती और अन्य कृषि कार्यों को काफी फायदा मिलेगा। बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और खरीफ फसलों की तैयारी को गति मिलेगी।
सुबह से जारी रिमझिम फुहारों, ठंडी हवाओं और बादलों की आवाजाही ने फारबिसगंज की फिजा को पूरी तरह बदल दिया। मौसम के इस मनमोहक अंदाज ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। गर्मी और उमस से बेहाल लोगों के लिए यह बारिश राहत के साथ-साथ खुशियों की सौगात बनकर आई।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर