Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुपौल, 11 जून (हि.स.)। कोसी क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। वीरपुर हवाई अड्डे से जल्द उड़ान सेवा शुरू होने की उम्मीद मजबूत हुई है।
सुपौल सांसद दिलेश्वर कामत ने गुरुवार को एयरपोर्ट का निरीक्षण कर बताया कि केंद्र सरकार इसके विकास को लेकर गंभीर है। पहले 20 सीटों वाले विमान संचालन की योजना थी, लेकिन अब एयरपोर्ट को 60 सीटों वाले विमानों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए आवश्यक राशि स्वीकृत हो चुकी है और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। निरीक्षण के दौरान सांसद ने अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट की मौजूदा स्थिति और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में तकनीकी व प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण को लेकर वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार के साथ भी चर्चा की गई है।
सांसद ने कहा कि आगामी संसद सत्र में भी वह वीरपुर एयरपोर्ट का मुद्दा प्रमुखता से उठाएंगे, ताकि निर्माण और संचालन कार्य जल्द पूरा हो सके। उन्होंने विश्वास जताया कि एयरपोर्ट शुरू होने से सुपौल समेत पूरे कोसी क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। इससे पहले सांसद कोचगामा पंचायत पहुंचे, जहां ग्रामीणों की मांग पर थल्हा धार पर पुल निर्माण की आवश्यकता का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वीरपुर आईबी में ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने सड़क, पुल और पुलिया निर्माण योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र