Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 11 जून (हि.स.)। क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में दस लाख चालीस हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया।
इनमें चार नए सबमर्सिबल पम्प, तिकोनिया पार्क में टीन शेड तथा काली मठिया मंदिर के सामने आधुनिक शौचालय का निर्माण शामिल है। क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और विधानसभा के प्रत्येक वार्ड को आदर्श वार्ड बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। यह बातें गुरुवार को गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कही।
विधायक मैथानी ने आज विभिन्न विकास परियोजनाओं का विधिवत भूमि पूजन किया। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में पेयजल की समस्या को देखते हुए चार नए सबमर्सिबल पम्प लगाए जाएंगे। इससे गर्मी के मौसम में स्थानीय निवासियों को पानी की किल्लत से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय नागरिकों और वरिष्ठ जनों की सुविधा के लिए तिकोनिया पार्क में टीन शेड का निर्माण कराया जा रहा है। इसके निर्माण के बाद लोग मौसम की परवाह किए बिना पार्क का उपयोग कर सकेंगे तथा उन्हें बैठने और विश्राम करने के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी।
विधायक ने बताया कि शास्त्री नगर स्थित प्रसिद्ध काली मठिया मंदिर के सामने स्थानीय निवासियों, राहगीरों तथा दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी, जिसके पूरा होने से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा।
सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि सरकार 'सबका साथ, सबका विकास' के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास का पहिया लगातार आगे बढ़ रहा है और जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अजय राय, अजय श्रीवास्तव, सर्वेश शुक्ला, अरुण दुबे, राघवेंद्र दुबे, अनामिका श्रीवास्तव, शोभा शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप