Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हाथरस, 31 मई (हि.स.)। सादाबाद कस्बे में करवन नदी के सुंदरीकरण और पुनर्जीवन का अभियान अब जन आंदोलन का रूप ले रहा है। पिछले एक पखवाड़े से नदी की सफाई में जुटे युवाओं ने रविवार को स्वच्छता जनजागरण अभियान चलाया। इसके तहत नगर में जागरूकता रैली निकालकर लोगों से करवन नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने में सहयोग की अपील की गई।
रैली के दौरान दुकानदारों और नागरिकों को नदी में कूड़ा-कचरा न डालने का संदेश दिया गया। युवाओं ने नगर को स्वच्छ रखने में सहयोग का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि करवन नदी की सफाई और विकास के लिए युवाओं ने पहले जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। इसमें विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से नदी के विकास और सुंदरीकरण की मांग की गई थी। इसी क्रम में शनिवार को परियोजना अधिकारी डीआरडीए और सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया था। अधिकारियों के निरीक्षण के बाद युवाओं में अभियान को लेकर और अधिक उत्साह देखा गया। रविवार को आयोजित जनजागरण रैली राया मार्ग से शुरू हुई। यह मथुरा अड्डा, सब्जी मंडी, जवाहर बाजार, रोडवेज बस स्टैंड और विनोबा नगर चौराहा सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली में शामिल युवाओं ने दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों से निकलने वाले कूड़े और गंदगी को नगर पंचायत द्वारा संचालित ट्रैक्टर-ट्रॉली, रिक्शा या सफाई कर्मचारियों के माध्यम से निर्धारित स्थान तक पहुंचाएं। उन्होंने किसी भी स्थिति में कूड़ा या गंदगी नदी में न डालने पर जोर दिया। युवाओं ने लोगों को समझाया कि नदी में डाला जाने वाला कचरा न केवल जल प्रदूषण बढ़ाता है, बल्कि पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना