चोरी की बाइक और दो मोबाइल के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार
बड़ी खबर
गिरफ्तार


हिरासत


सुपौल, 31 मई (हि.स.)। सुपौल पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का संबंध 18 मई को परमानंदपुर क्षेत्र में बंदूक की नोक पर हुई छिनतई की घटना से भी जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी कर पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।

तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की एक बाइक तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में कई अहम सुराग मिलने की बात सामने आ रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 18 मई को परमानंदपुर में हथियार के बल पर छिनतई की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले की जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।इस कार्रवाई को सुपौल पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र