Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

प्रयागराज, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पत्रिका चौराहे के पास रविवार को ई-रिक्शा की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि हादसे में मूलरूप से मीरजापुर हालपता कीडगंज थाना क्षेत्र के रामबाग मोहल्ला निवासी संतोष कुमार (४०) पुत्र लक्ष्मण प्रसाद की मौत हुई है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मृतक के परिवारवालों ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ शहर के कीडगंज थाना क्षेत्र में रामबाग मोहल्ले में किराए का कमरा लेकर रहता था। सिविल लाइन में प्राइवेट नौकरी करता था। वह रविवार को साइकिल से घर के लिए लौटा, रास्ते में पत्रिका चौराहे के पास उसकी साइकिल में ई-रिक्शा ने टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल