Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 31 मई (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के आदेश पर डॉ. प्रभात कुमार द्विवेदी, सह-आचार्य, स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट (एसबीएम), को तत्काल प्रभाव से कैंपस परीक्षा प्रभारी नियुक्त किया गया है। कुलसचिव राकेश कुमार मिश्र द्वारा रविवार को जारी आदेश में यह जानकारी दी गई।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह नियुक्ति परीक्षाओं के सुचारू संचालन, पर्यवेक्षण और समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से की गई है। इससे पहले पिछले पांच वर्षों से कैंपस परीक्षा प्रभारी की जिम्मेदारी डॉ. बी.पी. सिंह निभा रहे थे।
अधिसूचना के अनुसार डॉ. द्विवेदी विश्वविद्यालय परिसर में संचालित स्नातक, परास्नातक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं की निगरानी करेंगे। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, उड़नदस्ता टीमों का गठन, परीक्षा संबंधी समन्वय तथा विद्यार्थियों की शिकायतों के निस्तारण की जिम्मेदारी भी उनके पास होगी।
डॉ. प्रभात कुमार द्विवेदी वर्तमान में स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में सह-आचार्य के पद पर कार्यरत हैं और शैक्षणिक प्रशासन का व्यापक अनुभव रखते हैं। वे विश्वविद्यालय की विभिन्न महत्वपूर्ण समितियों में भी अपनी भूमिका निभा चुके हैं।
कुलसचिव राकेश कुमार मिश्र ने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को निष्पक्ष और समयबद्ध परीक्षा प्रणाली उपलब्ध कराना है तथा डॉ. द्विवेदी की नियुक्ति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप