सीएम ने बेली ब्रिज का किया निरीक्षण, करोड़ों रुपये की विभिन्न योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास
भागलपुर, 31 मई (हि.स.)। निर्धारित कार्यक्रम के तहत बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को भागलपुर पहुंचे। हवाई अड्डे पर सांसदों, जनप्रतिनिधियों और एनडीए कार्यकर्ताओं ने उनका फूलों के गुलदस्ते और नारों के साथ स्वागत किया। मुख्यमंत्री के आगमन
सीएम सम्राट चौधरी


भागलपुर, 31 मई (हि.स.)। निर्धारित कार्यक्रम के तहत बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को भागलपुर पहुंचे। हवाई अड्डे पर सांसदों, जनप्रतिनिधियों और एनडीए कार्यकर्ताओं ने उनका फूलों के गुलदस्ते और नारों के साथ स्वागत किया।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। हवाई अड्डे से निकलने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री का काफिला सीधे विक्रमशिला सेतु पहुंचा। वहां उन्होंने हाल ही में निर्मित बेली ब्रिज का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने पुल की संरचना, निर्माण कार्य की प्रगति और इस पर होने वाली यातायात व्यवस्था की विस्तृत जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पुल पर आवागमन की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे और सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहे। विक्रमशिला सेतु निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री सीधे समाहरणालय पहुंचे। यहाँ उन्होंने जिले के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही, आगामी विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर वे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

मुख्यमंत्री के इस भागलपुर दौरे को क्षेत्र के समग्र विकास, आधारभूत संरचना और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती देने की दिशा में एक बेहद अहम कदम माना जा रहा है। बेली ब्रिज के शुरू होने और नई योजनाओं के शिलान्यास से स्थानीय जनता को आने वाले समय में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर